home page

सूरजपुर : राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण पर कलेक्टर सख्त, अधिकारियों को दिए निर्देश

 | 
सूरजपुर : राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण पर कलेक्टर सख्त, अधिकारियों को दिए निर्देश


सूरजपुर, 22 जून (हि.स.)। जिले में लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण को लेकर कलेक्टर रेना जमील ने सोमवार को राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभिन्न अनुविभागों एवं तहसीलों में लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर प्रकरणों का निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा से बाहर कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। आम नागरिकों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर लोगों को समय पर राहत प्रदान की जाए।

बैठक में न्यायालयवार लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अभिलेख सुधार, भू-अर्जन, पट्टा वितरण तथा अभिलेख दुरुस्तीकरण से संबंधित प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा हुई। कलेक्टर ने सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में स्वामित्व योजना की प्रगति तथा एग्रीस्टैक पंजीयन कार्य की भी जानकारी ली गई। कलेक्टर ने इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लक्ष्यपूर्ति के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, सभी एसडीएम, तहसीलदार तथा राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय