home page

कैरियर पब्लिक स्कूल में साइबर जागृति अभियान, विद्यार्थियों को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक

 | 
कैरियर पब्लिक स्कूल में साइबर जागृति अभियान, विद्यार्थियों को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक


कोरबा, 20 अगस्त (हि. स.)। साइबर अपराधों से बचाव और विद्यार्थियों को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज गुरुवार को कैरियर पब्लिक स्कूल में साइबर जागृति अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सब-इंस्पेक्टर परमेश्वर राठौर उपस्थित रहे। विद्यालय की प्राचार्या किरण तिवारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसआई परमेश्वर राठौर ने ‘साइबर-क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़’ के संकल्प को दोहराते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचने के महत्वपूर्ण उपाय बताए। उन्होंने कहा कि, इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतना जरूरी है।

उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचें और अपने सभी ऑनलाइन अकाउंट के लिए मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करें। उन्होंने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के लिए ओटीपी, पासवर्ड, आधार नंबर सहित अन्य संवेदनशील जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी