home page

कार और ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर में पुलिसकर्मी समेत 2 लोगों की मौत

 | 
कार और ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर में पुलिसकर्मी समेत 2 लोगों की मौत


रायपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात कार और ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर में पुलिसकर्मी समेत 2 लोगों की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका इलाज अस्पताल में जारी है। ट्रैक्टर चालक फरार है।

खरोरा थाना पुलिस ने जानकारी दी है कि कार में पुलिसकर्मी कमलेश वर्मा, रूपेश निषाद और गोपी सवार थे। तीनों तर्रा गांव के रहने वाले थे । आरक्षक कमलेश वर्मा छुट्टी पर थे और अपने दोस्तों के साथ कार से रायपुर घूमने आए थे। रात में वापस खरोरा लौटते समय सारागांव और बरौंडा के बीच चैती तालाब के पास विपरीत दिशा से आ रहे भूसे से लदे एक ट्रैक्टर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।कार सवार कमलेश वर्मा और रूपेश निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गोपी गंभीर रूप से घायल हो गया और कार में फंसा रहा।

मौके पर पहुंचे लोगों ने घायल को बाहर निकाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी। उसे लक्ष्मीनारायण अस्पताल, दौंदेकला में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

खरोरा थाना पुलिस ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाला पुलिसकर्मी सिलतरा थाने में पदस्थ था। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा