home page

कार बिक्री के नाम पर 1.30 लाख की ठगी करने वाला आरोपित दुर्ग से गिरफ्तार

 | 
कार बिक्री के नाम पर 1.30 लाख की ठगी करने वाला आरोपित दुर्ग से गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 28 फरवरी (हि.स.)। जांजगीर चांपा पुलिस ने कार खरीदी-बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले लंबे समय से फरार आरोप‍ित को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। सिटी कोतवाली जांजगीर और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने आज शनिवार को आरोप‍ित वसीम खान (43 वर्ष), निवासी केलाबाड़ी वार्ड क्रमांक 41, दुर्ग को दुर्ग जिले से पकड़कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार मार्च 2023 में प्रार्थी सुखीराम साहू, निवासी केरा रोड भाठापारा, थाना जांजगीर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ट्रांसपोर्टिंग का काम करता है और अपने उपयोग के लिए एक सेकंड हैंड चार पहिया वाहन खरीदना चाहता था। इसी दौरान उसने एक मोबाइल नंबर पर संपर्क किया, जिसमें बात करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम वसीम खान बताया और खुद को दुर्ग का निवासी बताया। आरोप‍ित ने प्रार्थी को मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर (2022 मॉडल) क्रमांक CG 12 BG 3469 की फोटो भेजकर वाहन की कीमत 5,20,000 रुपये बताई और बयाना राशि जमा करने को कहा।

आरोप‍ित के झांसे में आकर प्रार्थी ने अलग-अलग किस्तों में कुल 1,30,000 रुपये आरोप‍ित के खाते में ऑनलाइन जमा कर दिए। रकम मिलने के बाद आरोप‍ित ने फोन उठाना बंद कर दिया और वाहन देने से भी इनकार कर दिया। इस पर प्रार्थी की शिकायत के आधार पर थाना जांजगीर में आरोप‍ित के खिलाफ धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोप‍ित की तलाश में दुर्ग में कई बार दबिश दी, लेकिन वह लगातार फरार था। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के निर्देश पर थाना जांजगीर और साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित की गई। साइबर तकनीक की मदद से आरोप‍ित का लोकेशन दुर्ग में मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोप‍ित ने कार बिक्री के नाम पर प्रार्थी से 1,30,000 रुपये लेकर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोप‍ित को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT