बिलासपुर में निर्माणाधीन पुल से कार 30 फीट नीचे जा गिरी, चार युवक गंभीर रूप से घायल
बिलासपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-उरगा नव निर्माणाधीन सड़क पर बीती देर रात ढेंका के पास निर्माणाधीन पुल से एक कार करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। अरपा नदी पर बन रहे भारतमाला हाईवे के अधूरे पुल से एक तेज रफ्तार टाटा नेक्सन कार हवा में उछलकर करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, सीजी 13 एएस 9262 नंबर की कार में सभी युवक कोरबा से बिलासपुर की ओर आ रहे थे। रात के समय कार काफी तेज रफ्तार में थी। पुल का निर्माण कार्य अभी अधूरा है और मुख्य सड़क इससे आगे नहीं जुड़ी है। अंधेरा होने और रास्ते की सही जानकारी न होने के कारण, चालक अधूरे रास्ते को भांप नहीं पाया। कार वहां बने सुरक्षा अवरोधों (स्टॉपर्स) और मिट्टी के ढेर को पार करते हुए सीधे पुल के छोर से हवा में उछली और 30 फीट नीचे नदी के सूखे हिस्से में जा गिरी।
हादसे की तेज आवाज सुनकर पास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। तोरवा थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में बुरी तरह फंसे चारों युवकों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल डायल 112 और एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे में चारों युवकों को सिर, हाथ-पैर और अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, जिस वजह से वे अभी बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस कार के नंबर के जरिए उनके परिजनों से संपर्क साधने और उनकी आधिकारिक पहचान दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

