व्यक्तित्व विकास पर कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को सफलता के सूत्र बताए
धमतरी, 18 मार्च (हि.स.)।बीसीएस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धमतरी के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा 18 मार्च 2026 को कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम के अंतर्गत पर्सनैलिटी डेवलपमेंट विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास के साथ उन्हें जीवन में सफलता के लिए आवश्यक कौशलों से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डा सरला द्विवेदी उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को बिग फाइव फैक्टर्स के माध्यम से व्यक्तित्व के विभिन्न आयामों की जानकारी दी। एक छोटे से एक्ट के जरिए उन्होंने असर्टिवनेस के महत्व को सरल और प्रभावी ढंग से समझाया।
अपने व्याख्यान में उन्होंने फोर विंडोज थ्योरी पर चर्चा करते हुए बताया कि आई क्यू, परिश्रम, अवसर और भाग्य का संतुलित समन्वय ही व्यक्ति को लक्ष्य तक पहुंचाता है। साथ ही उन्होंने बॉडी, माइंड, सोल और एनर्जी के संतुलन को सफलता की कुंजी बताया।उन्होंने सही बॉडी पोस्चर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रीढ़ सीधी रखने से मस्तिष्क के न्यूरॉन्स अधिक सक्रिय होते हैं, जिससे एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है। इसके अलावा उन्होंने ॐ चैंटिंग के मानसिक और आध्यात्मिक लाभ बताते हुए इसे दैनिक जीवन में अपनाने की सलाह दी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. पल्लवी मेहतो ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन भूपेंद्र साहू ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में पल्लवी बरड़िया, डॉ. नीता मित्तल, अंकिता प्रसाद, निशा तिवारी, भूपेंद्र साहू, पल्लवी महतो सहित एम.ए. राजनीति विज्ञान के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

