कोरबा मेडिकल कॉलेज में कैंसर मरीजों को मिल रही उपचार सुविधा, 900 मरीजों को दी गई कीमोथेरेपी
कोरबा, 27 सितंबर (हि. स.)। स्व. बिसाहू दास महंत स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध चिकित्सालय में कैंसर मरीजों को जांच, उपचार और सर्जरी की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वर्ष 2024 से यहां कैंसर मरीजों की पहचान और उपचार का कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में प्रतिदिन करीब 8 से 10 मरीज ओपीडी में चिकित्सकीय परामर्श और उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
भर्ती मरीजों के उपचार के लिए जनवरी 2024 में पांच बिस्तरों से कैंसर वार्ड की शुरुआत की गई थी। मरीजों की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए जनवरी 2026 तक वार्ड की क्षमता बढ़ाकर 16 बिस्तर कर दी गई। चिकित्सालय के अनुसार, अब तक करीब 900 मरीजों को कीमोथेरेपी दी जा चुकी है। यहां ओरल और टारगेटेड कीमोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध है। कीमोथेरेपी के दौरान होने वाली जटिलताओं के उपचार के लिए मरीजों को भर्ती करने की व्यवस्था भी है।
रेडियोथेरेपी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. उपासना सिन्हा ने रविवार काे बताया कि चिकित्सालय में मुंह, फेफड़े और स्तन कैंसर के अलावा लिम्फोमा, सारकोमा और बच्चेदानी के कैंसर से प्रभावित मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। संभावित मरीजों में बीमारी की पुष्टि के लिए बायोप्सी कराई जाती है। स्तन और बच्चेदानी के कैंसर से प्रभावित मरीजों की सर्जरी की सुविधा भी चिकित्सालय में उपलब्ध है।
चिकित्सालय के अनुसार, उपचार के लिए आने वाले मरीजों में मुंह के कैंसर से प्रभावित मरीजों की संख्या अधिक है। तंबाकू और गुटखा का सेवन मुंह के कैंसर के प्रमुख जोखिम कारकों में शामिल है। बीमारी के लक्षणों और समय पर जांच के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए चिकित्सा महाविद्यालय और चिकित्सालय स्तर पर विश्व कैंसर दिवस सहित विभिन्न अवसरों पर जागरूकता कार्यक्रम और सेमिनार आयोजित किए जाते हैं।
कैंसर मरीजों के उपचार में जूनियर रेजिडेंट डॉ. सोनू साहू, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारी निरंतर सहयोग कर रहे हैं। स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधा मिलने से कैंसर मरीजों को उपचार के लिए दूर जाने की आवश्यकता कम हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

