home page

नहरनाली का पानी सब्जी खेतों में घुसा, दलदल बने खेत, किसानों में आक्रोश

 | 
नहरनाली का पानी सब्जी खेतों में घुसा, दलदल बने खेत, किसानों में आक्रोश


धमतरी, 23 अप्रैल (हि.स.)। धमतरी जिले के नगरी ब्लाक में सिंचाई विभाग द्वारा तालाबों में निस्तारी के लिए छोड़ा गया नहरनाली का पानी अब किसानों के लिए मुसीबत बन गया है। ग्राम गोरेगांव सहित आसपास के क्षेत्रों में यह पानी सब्जी के खेतों में भर गया है, जिससे खेत दलदल में तब्दील हो गए हैं और फसल खराब होने का खतरा मंडरा रहा है।

स्थानीय किसान लेखराज साहू ने बताया कि उन्होंने अपने खेत में कुम्हड़ा (कहू) की फसल लगाई है, जो अब लगभग तैयार है। इसी बीच नहर से छोड़ा गया पानी क्षतिग्रस्त नालियों के जरिए खेत में भरने लगा। खेत में लगातार पानी भर रहा है, जिससे पूरी फसल सड़ने का डर है, उन्होंने चिंता जताई। किसानों का आरोप है कि नहरनाली कई जगहों पर टूटी हुई है और मरम्मत कार्य में गुणवत्ता का अभाव है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद निर्माण कार्य कमजोर होने से जगह-जगह से पानी रिसकर खेतों में पहुंच रहा है। इससे तरबूज, कद्दू सहित अन्य सब्जियों की खेती करने वाले किसानों को भारी नुकसान की आशंका है, खासकर वे किसान जो ड्रिप पद्धति से उत्पादन कर रहे हैं।

समस्या की जानकारी मिलने पर सिंचाई विभाग ने पानी का प्रवाह रोकने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का आश्वासन दिया है। वहीं किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ और फसल खराब हुई तो विभाग से मुआवजे की मांग की जाएगी। इधर, अनुविभागीय अधिकारी सिंचाई प्रवीण बोदलेकर ने कहा कि कुछ लोग रात के समय धान के खेतों में पानी भरने के लिए नहरनाली को नुकसान पहुंचाते हैं। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा