home page

आवारा कुत्तों के खिलाफ नगरी में विशेष अभियान शुरू

 | 
आवारा कुत्तों के खिलाफ नगरी में विशेष अभियान शुरू


धमतरी, 23 जुलाई (हि.स.)। नगरीवासियों की सुरक्षा, जनस्वास्थ्य और आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नगर पंचायत नगरी ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों तथा एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) नियम-2023 के तहत आवारा कुत्तों के वैक्सीनेशन, स्टेरलाइजेशन (नसबंदी) और डी-वरर्मिंग का विशेष अभियान शुरू किया है। नगर के जनप्रतिनिधियों की मांग पर संचालित इस अभियान में धमतरी नगर निगम की विशेषज्ञ टीम ने पूरे नगर में घूम-घूमकर चिन्हित आवारा कुत्तों को सुरक्षित तरीके से पकड़ा।

नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने बताया कि अभियान शुरू होने से पहले जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने वार्डों का भ्रमण कर ऐसे आवारा एवं आक्रामक कुत्तों की पहचान की, जिनसे आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानी हो रही थी। चिन्हित कुत्तों की जानकारी विशेषज्ञ टीम को उपलब्ध कराई गई, जिसके बाद विशेष अभियान चलाकर नौ आवारा कुत्तों को पकड़कर उनका एंटी रेबीज वैक्सीनेशन, स्टेरलाइजेशन और डी-वॉर्मिंग के लिए भेजा गया।

बलजीत छाबड़ा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य किसी भी पशु को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि मानव सुरक्षा और पशु कल्याण के बीच संतुलन स्थापित करना है। स्टेरलाइजेशन से आवारा कुत्तों की अनियंत्रित बढ़ती संख्या पर नियंत्रण होगा, एंटी रेबीज वैक्सीनेशन से रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी की रोकथाम होगी और डी-वॉर्मिंग से कुत्तों के स्वास्थ्य में सुधार आएगा। इससे भविष्य में कुत्तों के काटने की घटनाओं और संक्रमण के खतरे में भी कमी आएगी।

नगरवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए बताया कि कई वार्डों में आवारा कुत्तों के झुंड राहगीरों का पीछा करते हैं और बच्चों सहित कई लोगों को काटने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। उनका कहना है कि नगर पंचायत का यह अभियान समय की आवश्यकता है और इसे नियमित रूप से चलाया जाना चाहिए, ताकि नगर में सुरक्षित, स्वच्छ और भयमुक्त वातावरण बना रहे।

नगर पंचायत ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों तथा एबीसी नियम-2023 के अनुरूप यह अभियान आगे भी चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा, जिससे आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित होने के साथ-साथ रेबीज मुक्त, सुरक्षित और स्वस्थ नगरी के निर्माण की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा