home page

रायपुर में तेज बारिश में अनियंत्रित सवारी बस स्टॉप में घुसी, बाल-बाल बचे यात्री

 | 
रायपुर में तेज बारिश में अनियंत्रित सवारी बस स्टॉप में घुसी, बाल-बाल बचे यात्री


रायपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गुरुवार सुबह तेज बारिश के दौरान रिंग रोड पर डीडी नगर स्थित ग्लोबल हॉस्पिटल के सामने बस बेकाबू होकर सड़क किनारे बने बस स्टॉप में जा घुसी। इस हादसे में सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

हादसे के समय डीडी नगर पुलिस के अनुसार बस में करीब 20 यात्री सवार थे। दुर्घटना में बस में सवार कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। हालांकि बस स्टॉप पर उस समय कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार जीवन ट्रेवल्स की बस क्रमांक सीजी 04 ई 3376 टाटीबंध से भाठागांव की ओर जा रही थी। बस कवर्धा से यात्रियों को लेकर रायपुर बस स्टैंड की ओर आ रही थी। इसी दौरान रिंगरोड पर तेज बारिश होने लगी। बारिश के कारण सड़क पर विजिबिलिटी कम हो गई थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान तेज रफ्तार बस चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे बने बस स्टॉप में जा घुसी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस स्टॉप के परखच्चे उड़ गए और उसका काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों को मामूली चोटें आने की जानकारी है। गनीमत रही कि जिस समय बस स्टॉप से टकराई, वहां कोई यात्री या राहगीर मौजूद नहीं था। यदि बस स्टॉप पर लोग खड़े होते तो हादसा गंभीर हो सकता था।

डीडी नगर थाना प्रभारी गौतम गावड़े ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे टैंकर की टक्कर के बाद यात्री बस अनियंत्रित होकर बस स्टॉप में घुस गई। हादसे के समय बस में 7 लोग सवार थे। हालांकि घटना में किसी की जान नहीं गई और न ही किसी के घायल होने की सूचना है।पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा