home page

कोरबा : भाजपा नेता पर जानलेवा हमले के आरोपित रज्जाक अली के कथित अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

 | 
कोरबा : भाजपा नेता पर जानलेवा हमले के आरोपित रज्जाक अली के कथित अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर


कोरबा, 28 जून (हि. स.)। भाजपा नेता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए पूर्व जनपद उपाध्यक्ष रज्जाक अली के सीतामणी स्थित कथित अवैध निर्माण पर रविवार को बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में राजस्व एवं नगर निगम का अमला मौके पर पहुंचा और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, भाजपा नेता पर हुए हमले की जांच के दौरान रज्जाक अली का नाम सामने आने के बाद प्रशासन ने उनके निर्माण से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराई। जांच में निर्माण को नियमों के विपरीत पाए जाने पर वैधानिक प्रक्रिया के तहत ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई। अधिकारियों का कहना है कि संबंधित पक्ष को नियमानुसार नोटिस जारी करने सहित सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया है।

कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई, जबकि वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर कार्रवाई की निगरानी करते रहे।

इस कार्रवाई के बाद शहर के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी