बलरामपुर : एकलव्य विद्यालय की दाे एकड़ शासकीय भूमि पर चला बुलडोजर, प्रशासन ने शुरू कराया अतिक्रमण हटाने का अभियान
बलरामपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड के ग्राम कोटराही में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के लिए आरक्षित शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई शुरू की। लंबे समय से विवादित बताई जा रही करीब दो एकड़ जमीन पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसे लेकर पूरे इलाके में हलचल का माहौल रहा।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय के लिए सुरक्षित शासकीय भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया था। प्रशासन ने संबंधित लोगों को कई बार नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर भूमि खाली करने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर आज सुबह प्रशासनिक अमला कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंचा।
कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। राजस्व विभाग, स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर के माध्यम से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने पूरी कार्रवाई की निगरानी करते हुए इसे शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के प्रयास किए।
प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण मुक्त कराई जा रही यह भूमि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के लिए आरक्षित है। भूमि खाली होने के बाद विद्यालय से जुड़े निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को भविष्य में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बुधवार सुबह शुरू हुई इस कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे। फिलहाल प्रशासन की निगरानी में अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

