नेत्रदान का संकल्प लेकर रोशन करें किसी की जिंदगी, धमतरी में नेत्रदान पखवाड़े का शुभारंभ
धमतरी, 25 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय अंधत्व एवं अल्पदृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार से जिला अस्पताल धमतरी में राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आमजन को नेत्रदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से फ्लोरेंस कॉलेज ऑफ नर्सिंग एवं रिलायंस इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग के विद्यार्थियों ने विशाल जागरूकता रैली निकाली।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक एवं सिविल सर्जन ए.के. टोंडर ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और नर्सिंग विद्यार्थियों ने गगनभेदी नारों तथा हाथों में तख्तियां लेकर लोगों को नेत्रदान के महत्व का संदेश दिया। रैली को संबोधित करते हुए डॉ. कौशिक ने कहा कि नेत्रदान महादान है। देश में कॉर्नियल अंधत्व से पीड़ित लाखों लोगों को नेत्रदान के माध्यम से नई रोशनी मिल सकती है।
उन्होंने नेत्रदान को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करते हुए बताया कि किसी भी उम्र का व्यक्ति, यहां तक कि चश्मा पहनने वाले तथा शुगर या बीपी से पीड़ित व्यक्ति भी नेत्रदान कर सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे मृत्यु के बाद अपनी आंखें दान करने का संकल्प लें, ताकि किसी के अंधेरे जीवन में रोशनी लाई जा सके। उन्होंने संदेश दिया—“जीते जी रक्तदान, मृत्यु के बाद नेत्रदान।” स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 25 अगस्त से 8 सितंबर तक चलने वाले नेत्रदान पखवाड़े के दौरान जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा स्कूलों और कॉलेजों में पोस्टर प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक तथा नेत्रदान संकल्प पत्र भराने सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इन आयोजनों के माध्यम से लोगों को नेत्रदान के प्रति जागरूक कर इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

