home page

ब्रह्माकुमारी संस्थान ने नशे के दुष्प्रभावों से कराया अवगत, ध्यान से तनाव नियंत्रण का दिया संदेश

 | 
ब्रह्माकुमारी संस्थान ने नशे के दुष्प्रभावों से कराया अवगत, ध्यान से तनाव नियंत्रण का दिया संदेश


बीजापुर, 07 सितंबर (हि.स.)। जिले में ब्रह्माकुमारी संस्थान के तत्वावधान में स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में जागरूकता अभियान को बढ़ावा देते हुए सोमवार को लोहाडोंगरी प्रांगण में डीआजी जवानों के साथ नशामुक्ति जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला का उद्देश्य जवानों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा तनावपूर्ण परिस्थितियों में मानसिक रूप से स्वस्थ और संतुलित रहने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यशाला के दौरान ब्रह्माकुमारी संस्थान के प्रतिनिधियों ने नशे के विभिन्न प्रकारों और इसके सेवन से होने वाली शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक, सामाजिक एवं आर्थिक हानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

ब्रह्माकुमारी संस्थान के प्रतिनिधियओं ने बताया कि नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। नशे से दूर रहने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति, सकारात्मक सोच और अनुशासित दिनचर्या को महत्वपूर्ण है । कार्यशाला में जवानों को योग एवं ध्यान के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विशेष रूप से राजयोग एवं ध्यान के माध्यम से तनाव नियंत्रण, मानसिक शांति और आत्मसंयम विकसित करने के उपाय बताए गए। जवानों को समझाया गया कि नियमित ध्यान और सकारात्मक चिंतन तनावपूर्ण परिस्थितियों से बेहतर ढंग से निपटने में सहायक हो सकता है।

इस अवसर पर नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए जवानों से स्वस्थ, संयमित और अनुशासित जीवन अपनाने का आह्वान किया गया। कार्यशाला के अंत में डीआरजी के जवानों ने नशे से सदैव दूर रहने तथा अपने परिवार, साथियों और समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। बीजापुर पुलिस द्वारा स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। कार्यशाला के माध्यम से जवानों को नशे से बचाव के साथ मानसिक मजबूती और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे