स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फेरबदल, 25 अधिकारियों का तबादला; बलरामपुर में भी बदली जिम्मेदारी
डॉ. रामप्रसाद तिर्की होंगे जिला अस्पताल के प्रभारी सिविल सर्जन, डॉ. शशांक गुप्ता को राजपुर बीएमओ की जिम्मेदारी
बलरामपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने गुरुवार काे स्वास्थ्य प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 25 चिकित्सा अधिकारियों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नवीन पदस्थापना का आदेश जारी किया है। इस फेरबदल में बलरामपुर जिले के जिला अस्पताल और राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं।
आदेश के तहत राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रसाद तिर्की को जिला चिकित्सालय बलरामपुर का प्रभारी सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक बनाया गया है, जबकि जिला चिकित्सालय बलरामपुर के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. शशांक गुप्ता को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का बीएमओ बनाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आदेश में विभिन्न जिलों के प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों, प्रभारी सिविल सर्जन और अस्पताल अधीक्षकों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। कई अधिकारियों को दूसरे जिलों में नई जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कुछ को संभागीय और संस्थागत पदों पर पदस्थ किया गया है।
डॉ. आई. नागेश्वर राव को प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी महासमुंद से उप संचालक, राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान रायपुर बनाया गया है। डॉ. रामकेश्वर सिंह कुशवाहा को प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सुकमा से महासमुंद का प्रभारी सीएमएचओ बनाया गया है। वहीं डॉ. भुवन विजय कुर्रे को जिला चिकित्सालय दंतेवाड़ा से प्रभारी सीएमएचओ सुकमा की जिम्मेदारी दी गई है।
डॉ. शरद कोहाड़े को प्रभारी सीएमएचओ बेमेतरा, डॉ. अरुण कुमार टोंडर को प्रभारी सीएमएचओ धमतरी और डॉ. यू.एल. कौशिक को जिला चिकित्सालय मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का प्रभारी सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक बनाया गया है। डॉ. आदित्य सिन्हा को जिला चिकित्सालय धमतरी का प्रभारी सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक बनाया गया है।
डॉ. अनिल कुमार शुक्ला को संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, सरगुजा संभाग से प्रभारी सीएमएचओ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई बनाया गया है। वहीं सूरजपुर के प्रभारी सीएमएचओ डॉ. कपिल देव पैंकरा को संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, सरगुजा संभाग की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. प्रशांत सिंह को प्रभारी सीएमएचओ सूरजपुर और डॉ. बलवंत सिंह को प्रभारी सीएमएचओ कोरिया बनाया गया है।
सरगुजा जिले में डॉ. जगसाय सिंह सरुता को प्रभारी सीएमएचओ सरगुजा बनाया गया है। वहीं डॉ. प्रेम सिंह मार्को को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहट, जिला कोरिया में पदस्थ किया गया है।
डॉ. शीला साहा को जिला चिकित्सालय बिलासपुर भेजा गया है। डॉ. श्रीकेश गुप्ता को प्रभारी सीएमएचओ मुंगेली और डॉ. राकेश कुमार को जिला चिकित्सालय मुंगेली का प्रभारी सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक बनाया गया है।
डॉ. आशीष शर्मा को जिला चिकित्सालय खैरागढ़-छुईखदान-गंडई का प्रभारी सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक बनाया गया है। डॉ. राजेंद्र राय को जिला चिकित्सालय दंतेवाड़ा में पदस्थ किया गया है। वहीं डॉ. अभय सिंह तोमर को जिला चिकित्सालय चिरमिरी, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर का प्रभारी सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक बनाया गया है। डॉ. प्रियंका सक्सेना को जिला चिकित्सालय दंतेवाड़ा का प्रभारी सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक बनाया गया है।
मानसिक चिकित्सालयों की जिम्मेदारी भी बदली
स्वास्थ्य विभाग ने मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया है। डॉ. जमुना प्रसाद आर्य को मानसिक चिकित्सालय, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर का प्रभारी अधीक्षक बनाया गया है। वहीं डॉ. रक्षित जोगी को राज्य मानसिक चिकित्सालय सेंदरी, जिला बिलासपुर का प्रभारी अधीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा डॉ. सत्यम कुमार पटेल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बर्रा, जिला रायगढ़ से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डभरा, जिला सक्ती में पदस्थ किया गया है। स्वास्थ्य विभाग का यह आदेश प्रशासनिक आधार पर जारी किया गया है और इससे प्रदेश के कई जिलों में चिकित्सा प्रशासन की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

