भाजयुमो ने राहुल गांधी का पुतला फूंका
धमतरी, 23 फ़रवरी (हि.स.)।शहर के गांधी मैदान में सोमवार को भाजयुमो के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका। एआई इंपैक्ट समिट के दौरान युवा कांग्रेस के अर्धनग्न प्रदर्शन को लेकर जमकर विरोध जताते हुए नारेबाजी की गई।
जिला भाजयुमो एवं किसान मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में शहर के गांधी मैदान में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, भाजयुमो जिलाध्यक्ष शुभांक मिश्रा एवं किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष रोहिताश मिश्रा ने बताया कि देश की राजधानी नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एआई इंपैक्ट समिट में विश्व के अनेक देशों से राष्ट्र प्रमुख एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के कार्यकताओं ने विरोध प्रदर्शन कर देश की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा देश के सम्मान से कोई समझौता नहीं करेगी और वैश्विक मंच पर देश को किसी भी प्रकार की अपमानजनक स्थिति में नहीं आने देगी। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष शशि पवार, पूर्व भाजपा महामंत्री अविनाश दुबे, पूर्व महापौर अर्चना चौबे, आमदी मंडल अध्यक्ष विनय जैन, गौरव मगर, राजीव चंद्राकर, पूर्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष कैलाश सोनकर, जितेश सिन्हा, देवेश साहू, पूजा कुंजाम, विजय साहू, जागेंद्र साहू सहित भाजपा के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

