home page

भाजपा ने की नगरीय निकायो के लिए चुनाव प्रभारी और सह प्रभारियों की नियुक्ति

 | 
भाजपा ने की नगरीय निकायो के लिए चुनाव प्रभारी और सह प्रभारियों की नियुक्ति


रायपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ भाजपा ने आगामी महीनों में 15 नगरीय निकायो के लिए चुनाव प्रभारी और सह प्रभारियों की नियुक्ति की है। इनमें संगठन से जुडे़ नेता, विधायक, पूर्व विधायक, महापौर और पार्षद शामिल है। हर निकायो में एक प्रभारी और दो सह प्रभारी मिलाकर कुल 45 पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां दी गई है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी डॉ. नवीन मारकण्डेय ने आज आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि नगरीय निकाय चुनाव के सुचारू संचालन के लिए प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति कर दी गई है। यह पूरी सूची और नियुक्तियां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह की सहमति और मार्गदर्शन में फाइनल की गई हैं। इन प्रभारियों को जल्द ही अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर चुनावी कमान संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

नवनियुक्त प्रभारियों और सह-प्रभारियों को निकाय चुनाव के लिए विशेष टास्क सौंपे गए हैं। इनकी मुख्य जिम्मेदारी स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं को एकजुट करना, संभावित उम्मीदवारों का फीडबैक लेना, बूथ स्तर पर पार्टी के कार्यक्रमों को लागू करना और जनता के बीच राज्य व केंद्र सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाना होगी।

इन 15 निकायो में 4 नगर निगम, 5 नगर पालिका और 6 नगर पंचायत शामिल है। इनमें से ज्यादातर जगहों में कांग्रेस काबिज है, जहां जीत हासिल करने के लिए भाजपा ने अपनी तैयारियां शुरु कर दी है।पार्टी सूत्रों के अनुसार पार्टी का मुख्य जोर बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने पर है। स्थानीय प्रभाव और जनस्वीकृति के आधार पर उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा