home page

रायपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने सुना 'मन की बात' कार्यक्रम, कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

 | 
रायपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने सुना 'मन की बात' कार्यक्रम, कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद


रायपुर 27 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो प्रसारण कार्यक्रम 'मन की बात' की कड़ी का पूरे छत्तीसगढ़ में जगह-जगह उत्साहपूर्वक श्रवण किया गया। राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने अपने निवास पर पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री अमित साहू, प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने, जिला महामंत्री अमित मैशेरी, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास बोर्ड की अध्यक्ष मोना सेन, पार्टी कार्यकर्ता राहुल राव सहित भाजपा के कई प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के उपरांत सभी नेताओं ने प्रधानमंत्री द्वारा जनसरोकार, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के विभिन्न विषयों पर दिए गए संदेशों की सराहना की।

'मन की बात' कार्यक्रम के श्रवण के पश्चात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए 'मन की बात' प्रसारण को राजनीति से परे जनचेतना का कार्यक्रम बताया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर माह के अंतिम रविवार को राजनीति से ऊपर उठकर देश-विदेश के प्रेरक घटनाक्रमों, खेल गतिविधियों, युवा प्रतिभाओं और स्थानीय नवाचारों (जैसे सहजन/मुनगा और आँवला उत्पादन से किसानों को लाभ) का उल्लेख करते हैं। श्री देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की विशेषताओं का भी इसमें समय-समय पर उल्लेख होता रहा है। यह कार्यक्रम देशवासियों में नई चेतना और सकारात्मकता भरने वाला है।

राहुल गांधी और वोट चोरी के आरोपों पर तीखा हमला

राहुल गांधी द्वारा वोट चोरी और नई पीढ़ी के मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कटने के आरोपों से जुड़े सवाल पर श्री देव ने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि राहुल गांधी के बयानों को इतनी गंभीरता से लिया जाता है। अगर वोट चोरी होती, तो कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार कैसे बनती? जिन राज्यों में कांग्रेस या 'इण्डी गठबंधन' जीतता है, वहाँ चुनाव आयोग और प्रशासनिक व्यवस्था ठीक रहती है, लेकिन जहाँ भाजपा जीतती है, वहाँ तुरंत वोट चोरी का झूठा नैरेटिव गढ़ा जाने लगता है। श्री देव ने कहा कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं, निर्वाचन आयोग, सेना और यहाँ तक कि न्यायपालिका पर भी तभी तक भरोसा करती है जब तक निर्णय उनके अनुकूल हों। श्री देव ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल श्रीलंका, बांग्लादेश या नेपाल जैसी अस्थिरता की मानसिकता के जरिए देश के युवाओं को गुमराह कर सत्ता हासिल करने का सपना देख रहे हैं, जबकि भारत का लोकतंत्र 140 करोड़ से अधिक जागरूक नागरिकों की मजबूत नींव पर खड़ा है।

कांग्रेस प्रभारी के दौरे और भाजपा संगठन की सक्रियता

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के छत्तीसगढ़ दौरे और बैठकों पर पूछे गए सवाल पर देव ने कहा कि यह कांग्रेस का अपना सांगठनिक विषय है। भाजपा से तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा केवल चुनाव के समय सक्रिय नहीं होती, बल्कि 24 घंटे और 365 दिन जनता के बीच काम करती है। श्री देव ने बताया कि प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू जल्द ही छत्तीसगढ़ प्रवास पर आएँगे। उनके सांगठनिक और प्रशासनिक अनुभवों का लाभ पूरे छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन को मिलेगा, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल