home page

भाजपा के 'सेवा संकल्प अभियान' को लेकर कार्यशाला आज

 | 
भाजपा के 'सेवा संकल्प अभियान' को लेकर कार्यशाला आज


रायपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' को लेकर आज रायपुर में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सेवा संकल्प अभियान को लेकर भारतीय जनता पार्टी की कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश शामिल होंगे।

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत प्रदेश सरकार के सभी मंत्री भी मौजूद रहेंगे। यह राष्ट्रव्यापी अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर 2026 तक चलाया जाएगा। आज की कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य राज्य और जिला स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपना और अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों का एजेंडा तय करना है। इस दौरान प्रदेशभर में पार्टी की ओर से विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

पार्टी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में 25 प्रमुख सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस दौरान सेवा सेतु अभियान के तहत ब्लॉक स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जिसके तहत सरकारी योजनाओं से वंचित रह गए पात्र लाभार्थियों को सीधे लाभ से जोड़ा जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता हर बूथ पर जाकर लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। अभियान के दौरान स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे और अग्रिम मोर्चे पर काम करने वाले आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।देश के युवाओं को आकर्षित करने और उनके नए विचारों को मंच देने के लिए एक 'राष्ट्रीय नवाचार चुनौती' की शुरुआत की जाएगी। इनमें वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और रक्तदान शिविर जैसे कार्यक्रम प्रमुख रूप से शामिल होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा