home page

जिला भाजपा की बैठक में संगठन विस्तार और प्रशिक्षण पर जोर

 | 
जिला भाजपा की बैठक में संगठन विस्तार और प्रशिक्षण पर जोर


धमतरी, 15 मई (हि.स.)। भाजपा की मासिक बैठक शुक्रवार को जिला कार्यालय गोविंद सारंग भवन में संपन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी प्रशिक्षण वर्ग, जनसंपर्क अभियान एवं वर्तमान राष्ट्रीय परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने पिछले कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका की सराहना की और संगठन विस्तार और गांव-गांव तक पार्टी की पहुंच मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने आगामी प्रशिक्षण एवं जनसंपर्क अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ठाकुर शशि पवार ने बालोद में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण वर्ग की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को वैचारिक, सामाजिक और संगठनात्मक रूप से प्रशिक्षित करती है।

पूर्व विधायक इंदर चोपड़ा ने वैश्विक एवं राष्ट्रीय परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूती से आगे बढ़ रहा है। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि भाजपा निरंतर प्रशिक्षण और अनुशासन के कारण विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बना है। वहीं किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आलोक ठाकुर ने प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों की समीक्षा कर विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से भारत आर्थिक रूप से मजबूत होकर वैश्विक शक्ति के रूप में उभर रहा है। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों पर आर्थिक अस्थिरता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।

जिला प्रभारी किरण बघेल ने कहा कि भाजपा की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों के चुनाव परिणामों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता लगातार भाजपा के नेतृत्व और विचारधारा पर भरोसा जता रही है। इस बैठक में भाजपा जिला मीडिया प्रभारी उमेश साहू, निगम सभापति कौशल्या देवांगन, पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, अकबर कश्यप, मोनिका देवांगन सहित भाजपा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राकेश साहू एवं आभार प्रदर्शन महेंद्र पंडित ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा