home page

(अपडेट) भाजपा विधायक स्व. कोर्सेवाडा का पैतृक गांव भेण्ड्रा में हुआ अंतिम संस्कार, शीर्ष नेताओं ने जताया शोक

 | 
(अपडेट) भाजपा विधायक स्व. कोर्सेवाडा का पैतृक गांव भेण्ड्रा में हुआ अंतिम संस्कार, शीर्ष नेताओं ने जताया शोक


रायपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक डोमनलाल कोर्सेवाडा के निधन पर भाजपा-परिवार शोक-संतप्त है। उनके देहावसान पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने सोशल मीडिया पर ट्वीट करके गहरा दु:ख व्यक्त कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

शनिवार सुबह स्व. कोर्सेवाडा की पार्थिव देह विमान द्वारा हैदराबाद से रायपुर लाई गई। माना विमानतल में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय, कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, श्याम बिहारी जायसवाल, गजेन्द्र यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, सुरेन्द्र पाटनी, अंजय शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके अंतिम दर्शन कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इसके बाद पार्थिव शरीर को बालोद ले जाया गया, जहाँ आयोजित अंतिम दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन सहित कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों ने दिवंगत आत्मा को नमन किया। शनिवार दोपहर पैतृक ग्राम भेण्ड्रा में पूरे विधि-विधान और नम आँखों के बीच स्व. कोर्सेवाडा का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों, समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें अंतिम विदाई दी।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा