छत्तीसगढ़ में 354 नए धान खरीद केंद्र खोले जाएंगे : मुख्यमंत्री साय
-भाजपा किसान मोर्चा की बैठक में मंथन
रायपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि ने किसानों को धान खरीद के लिए अधिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश में 354 नए धान खरीद केंद्र खोले जाएंगे। साय ने किसानों के हित में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों और योजनाओं की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव और किसानों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री साय सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में पार्टी के किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन सत्र को मुख्य वक्ता की आसंदी से सम्बोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि करीब 11 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं से जुड़े कार्यों को आगामी दो वर्षों के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रदेश सरकार किसान, गरीब, युवा और महिलाओं के हितों को प्राथमिकता देते हुए छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है। साय ने केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश लगातार नक्सलमुक्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों में विकास कार्यों के विस्तार, शिक्षा के स्तर में सुधार और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साय ने साझा की।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों को कार्यकर्ताओं के सामने रखा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि जब देश में शौचालय निर्माण की बात सामने रखी गई थी, तब विपक्ष द्वारा इसका विरोध किया गया, लेकिन आज वही पहल महिलाओं, बेटियों और माताओं के सम्मान से जुड़ी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बन चुकी है। साहू ने वर्ष 2014 से लेकर 2026 तक देश में हुए विकास कार्यों को अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि इस अवधि में भारत ने विकास की नई ऊँचाइयों को छुआ है। श्री साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबे सार्वजनिक जीवन और उनकी बेदाग छवि को भी संगठन के समक्ष प्रमुखता से रखा।
प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कार्यकर्ताओं को उनके दायित्वों का बोध कराया और किसान और कृषि के महत्व को बारीकी से कार्यकर्ताओं तक पहुँचाने का प्रयास किया। श्री नेताम ने बताया कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार और प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार द्वारा किसानों के हित में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। सरकार की किसान हितैषी योजनाओं, नीतियों और उनके प्रभावों की उन्होंने विस्तार से जानकारी दी।
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने अपने उद्घाटन भाषण में कार्यकर्ताओं में उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण का भाव जगाया। श्री साय ने कहा कि किसान मोर्चा केवल एक अलग संगठनात्मक इकाई नहीं, बल्कि भाजपा के मुख्य संगठन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और पूरी निष्ठा के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
प्रदेश किसान मोर्चा के अध्यक्ष आलोक ठाकुर ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में दायित्व संभालने से लेकर अब तक किसान मोर्चा द्वारा किए गए कार्यों और उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा मुख्यमंत्री साय के समक्ष रखा।
उल्लेखनीय है कि कार्यसमिति में किसान हित, संगठन को मजबूत करने, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यसमिति में किसान हित से जुड़े विषयों को लेकर राजनीतिक प्रस्ताव भी रखा गया। इसमें प्रदेश में किसानों के लिए और बेहतर एवं श्रेष्ठ कार्ययोजना पर चर्चा की गई। प्रस्ताव को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष सहित उपस्थित कार्यकर्ताओं का समर्थन प्राप्त हुआ।
कार्यसमिति के दौरान किसान मोर्चा के पदाधिकारी, प्रदेश एवं जिला स्तर के कार्यकर्ता तथा भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने तथा किसानों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुँचाने को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

