जनता की समस्याओं के समाधान और नगरीय विकास के लिए सदन में आवाज़ बुलंद करें एल्डरमैन : राजेश अग्रवाल
अम्बिकापुर, 27 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा मनोनीत नगर निगम अम्बिकापुर, नगर पंचायत सीतापुर और नगर पंचायत लखनपुर के नवनियुक्त एल्डरमैनों का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला सरगुजा द्वारा आत्मीय अभिनंदन किया गया। शनिवार को आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी मंच पर मौजूद रहे। इस गरिमामयी समारोह में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शॉल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि और कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शासन ने उन्हें नगरीय निकायों की समस्याओं के समाधान और जनहित के मुद्दों को सदन में प्रभावी ढंग से उठाने की एक अत्यंत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने एल्डरमैनों से आह्वान किया कि वे जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरें और सेवा व समर्पण के माध्यम से समाज में अपनी एक विशिष्ट पहचान स्थापित करें।
विशिष्ट अतिथि और प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा कि भाजपा संगठन में कोई भी दायित्व केवल सम्मान का विषय नहीं, बल्कि जनसेवा का एक सशक्त माध्यम होता है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को सलाह दी कि वे जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर तालमेल बिठाएं, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके और नगरीय विकास को एक नई गति मिले।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि भाजपा हमेशा से अपने कार्यकर्ताओं के समर्पण और निष्ठा का सम्मान करती आई है। एल्डरमैन की भूमिका जनता और शासन के बीच एक मजबूत सेतु की तरह है। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी संगठन की मूल विचारधारा के अनुरूप जनसेवा को प्राथमिकता देंगे और शहरों के विकास में अपना बहुमूल्य योगदान देंगे।
इस समारोह में नगर निगम अम्बिकापुर के नौ मनोनीत पार्षदों करताराम गुप्ता, राज बहादुर शास्त्री, सावित्री जायसवाल, संतोष दास, रमेश जायसवाल, तेजिंदर बग्गा, किरण सोनी, शरद सिन्हा और श्रीधर केशरी को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही नगर पंचायत सीतापुर के नेमलाल गुप्ता, अमृता पैकरा व अनेश्वर गुप्ता और नगर पंचायत लखनपुर के दिनेश गुप्ता, प्रदीप गुप्ता व मालती कश्यप का भी नागरिक अभिनंदन किया गया।
समारोह को महापौर मंजूषा भगत, पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, पूर्व सभापति त्रिलोक कपूर कुशवाहा, जिला महामंत्री अरुणा सिंह, जिला उपाध्यक्ष विकास पांडेय और दिनेश साहू ने भी संबोधित कर नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला महामंत्री विनोद हर्ष ने किया और जिला कोषाध्यक्ष निश्चल प्रताप सिंह ने उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, निष्ठावान कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

