home page

अंबिकापुर : स्थापना दिवस से अंबेडकर जयंती तक भाजपा का मेगा प्लान, बूथ स्तर तक होंगे कार्यक्रम

 | 
अंबिकापुर : स्थापना दिवस से अंबेडकर जयंती तक भाजपा का मेगा प्लान, बूथ स्तर तक होंगे कार्यक्रम


अंबिकापुर : स्थापना दिवस से अंबेडकर जयंती तक भाजपा का मेगा प्लान, बूथ स्तर तक होंगे कार्यक्रम


अंबिकापुर, 31 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस 6 अप्रैल से 12 अप्रैल तक मनाए जाने वाले कार्यक्रमों और आगामी भीमराव अंबेडकर जयंती की तैयारियों को लेकर संकल्प भवन में सरगुजा भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ और गांव स्तर तक सक्रिय करने के लिए व्यापक रूपरेखा तैयार की गई और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ताओं की बदौलत भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी संगठनात्मक पार्टी बनी है। उन्होंने अंबेडकर जयंती के अवसर पर मंडलों में अनुसूचित जाति समाज के प्रमुख व्यक्तियों का सम्मान, स्वच्छता अभियान, प्रतिमाओं की साफ-सफाई और दीप प्रज्वलन जैसे कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया।

लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि 1980 में स्थापित भाजपा ने कम समय में व्यापक विस्तार किया है और संगठन की सबसे बड़ी विशेषता सबको साथ लेकर चलना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि स्थापना दिवस के कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाएं और अपने घरों में पार्टी का ध्वज लगाकर उत्सव का माहौल बनाएं।

महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि स्थापना दिवस को उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा और महिला मोर्चा की कार्यकर्ता रंगोली जैसे रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगी। उन्होंने कहा कि हम सभी पहले पार्टी के कार्यकर्ता हैं, उसके बाद जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी।

अनिल सिंह मेजर ने बूथ स्तर तक जनसंपर्क बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने पर जोर देते हुए 2047 के लक्ष्य को कार्यकर्ताओं के दम पर हासिल करने का विश्वास जताया। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह ने कहा कि भाजपा ही ऐसा संगठन है जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर उच्च पदों तक पहुंच सकता है।

बैठक में त्रिलोक कपूर कुशवाहा, जिला महामंत्री विनोद हर्ष, जिला उपाध्यक्ष मधुसूदन शुक्ला सहित कई पदाधिकारियों ने संगठनात्मक विषयों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन अरुणा सिंह ने किया और आभार वैभव सिंह देव ने व्यक्त किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह