home page

कोंडागांव प्राथमिक शाला में मनाया गया बिरसा मुंडा की जयंती, न्योता भोज रखा

 | 
कोंडागांव प्राथमिक शाला में मनाया गया बिरसा मुंडा की जयंती, न्योता भोज रखा


कोंडागांव, 15 नवंबर (हि.स.)। जिले के प्राथमिक शाला जोनदरापदर में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। इस दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्षों को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन भी विद्यार्थियों ने किया।

कार्यक्रम में बच्चे भगवान बिरसा मुंडा की पारंपरिक वेशभूषा पहनकर तीर-कमान के साथ उनके रूप में नजर आए। उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के लिए विशेष न्योता भोज रखा गया। इसमें शिक्षकों और ग्रामीणों ने भी हिस्सा लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और ग्रामीण मौजूद रहे।

विद्यालय की प्रधानाध्यापक मधु तिवारी ने बच्चों को बिरसा मुंडा के जीवन, अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उनके आंदोलन और देश की आजादी में उनके योगदान के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष और स्वाभिमान की प्रेरणा देता है। उन्होंने जल-जंगल-जमीन और संस्कृति की रक्षा के लिए संघर्ष किया। मधु तिवारी ने बच्चों से अपनी संस्कृति और परंपराओं पर गर्व करने और बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपनाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे