स्वतंत्रता सेनानियों की याद में दौड़ा बिलासपुर
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने लगाई स्वतंत्रता दौड़
बिलासपुर 14 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने शुक्रवार काे बिलासपुर में स्वतंत्रता दौड़ में शामिल होकर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया। उनके साथ बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने भी स्वतंत्रता दौड़ लगाई। ्र
जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित स्वतंत्रता दौड़ एवं तिरंगा यात्रा को अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्वतंत्रता दौड़ से पहले वंदेमातरम् का सामूहिक गायन किया गया। इसके बाद नेहरू चौक से दौड़ शुरू हुई। प्रतिभागी देवकीनंदन चौक, कम्पनी गार्डन, राघवेन्द्र राव सभा भवन, सदर बाजार और गोल बाजार होते हुए पंडित देवकीनंदन दीक्षित सभागार स्थित लाल बहादुर शास्त्री विद्यालय परिसर पहुंचे, जहां दौड़ का समापन हुआ।
स्वतंत्रता दौड़ में नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एडीएम श्री शिव कुमार बनर्जी सहित अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक, खिलाड़ी, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर दौड़ते प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों से शहर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के स्वयं दौड़ में शामिल होने से प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग, तपस्या और बलिदान का स्मरण कराता है, जिनके संघर्ष से देश को आजादी मिली। स्वतंत्रता दौड़ जैसे आयोजन नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने के साथ ही उनमें राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। वंदेमातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस तिरंगा यात्रा ने कार्यक्रम को और विशेष बना दिया। आयोजन में शामिल लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

