home page

पारिवारिक विवाद में दाे साल की बच्ची को जलते चूल्हे में बैठाया, मौत, आराेपित चाचा गिरफ्तार

 | 
पारिवारिक विवाद में दाे साल की बच्ची को जलते चूल्हे में बैठाया, मौत, आराेपित चाचा गिरफ्तार


बिलासपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। बिलासपुर जिला के कोनी थाना क्षेत्र के घुटकू गांव में पारिवारिक विवाद के बीच दो वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची को जलते हुए लकड़ी के चूल्हे में बैठाने का आरोप उसके चाचा पर है। गंभीर रूप से झुलसी बच्ची ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपित चाचा को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपित की पहचान घुटकू निवासी नितिन कुमार लोनिया के रूप में हुई है। नितिन का अपनी भाभी अंकिता के साथ संबंध होने की बात सामने आई है। अंकिता अपने पति सुधीर और दो साल की बेटी परमेश्वरी के साथ रहती थी। पुलिस के मुताबिक 26 अगस्त को अंकिता अपनी बेटी परमेश्वरी के साथ नितिन के साथ घर से चली गई थी। काफी तलाश के बाद भी जब तीनों का पता नहीं चला तो बच्ची के नाना ने कोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और तलाश के दौरान तीनों के बारे में जानकारी मिली।

बाद में अंकिता और नितिन के वापस लौटने के बाद परिवार में विवाद की स्थिति बन गई। पुलिस को मंगलवार को नितिन और उसके बड़े भाई सुधीर के बीच विवाद की सूचना मिली। कुछ समय बाद नितिन का अपनी भाभी अंकिता से भी किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने पर मारपीट की सूचना पुलिस तक पहुंची। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि नितिन ने अपनी दो साल की भतीजी को जलते हुए लकड़ी के चूल्हे में बैठा दिया है।

चूल्हे की आग से बच्ची बुरी तरह झुलस गई थी। उसकी हालत गंभीर देखकर पुलिस ने उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों की निगरानी में बच्ची का उपचार चल रहा था, लेकिन मंगलवार और बुधवार की देर रात उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद पुलिस ने बच्ची की मौत को लेकर बुधवार काे मर्ग कायम किया और पूरे मामले की नए सिरे से जांच शुरू की। पुलिस जांच में सामने आए घटनाक्रम और उपलब्ध जानकारी के आधार पर नितिन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।

कोनी थाना प्रभारी जितेंद्र गुप्ता ने गुरूवार काे बताया कि, मामले में आरोपित नितिन कुमार लोनिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पारिवारिक विवाद से जुड़े पूरे घटनाक्रम और बच्ची के साथ हुई घटना के कारणों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय