home page

अंबिकापुर : मोबाइल दुकान के बाहर से बाइक चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर

 | 
अंबिकापुर : मोबाइल दुकान के बाहर से बाइक चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर


अंबिकापुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र में बेखौफ चोरों के हौसले बुलंद हैं, जहाँ पुराने बस स्टैंड स्थित एक मोबाइल दुकान के बाहर से अज्ञात चोर ने पलक झपकते ही बाइक पार कर दी। घटना मंगलवार की है, जब ग्राम तेलाइधार निवासी 35 वर्षीय फनाउल्लाह खान उर्फ भोला, अपने किसी काम से द्विवेदी मोबाइल दुकान पहुंचे थे।

पीड़ित अपनी बाइक (क्रमांक CG13-W-4801) को दुकान के बाहर खड़ा कर अंदर गए थे, लेकिन जल्दबाजी में चाबी बाइक में ही लगी रह गई। महज दस मिनट बाद जब वे दुकान से बाहर निकले, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई क्योंकि बाइक मौके से गायब थी।

पीड़ित ने तत्काल आसपास के क्षेत्र और बस स्टैंड पर काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद जब मोबाइल दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई, तो उसमें एक अज्ञात व्यक्ति बाइक ले जाते हुए साफ दिखाई दिया। हालांकि, जब तक चोरी का पता चला, आरोपित काफी दूर निकल चुका था।

पीड़ित की शिकायत पर सीतापुर पुलिस ने अज्ञात चोर के विरुद्ध धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों को वाहनों की सुरक्षा के प्रति सचेत रहने की चेतावनी दे रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह