home page

अंबिकापुर : बाइक सवार की लापरवाही से महिला घायल, अस्पताल में एंबुलेंस संकट से बढ़ी परेशानी

 | 
अंबिकापुर : बाइक सवार की लापरवाही से महिला घायल, अस्पताल में एंबुलेंस संकट से बढ़ी परेशानी


अंबिकापुर, 17 मार्च (हि.स.)। सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 28 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्राम चैनपुर (बड़कापारा) निवासी कुंती अपने पति अशोक के साथ साप्ताहिक बाजार उदयपुर आई थीं। खरीदारी के बाद वापस लौटते समय जब वह सड़क पार कर रही थीं, तभी बस स्टैंड की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार अमर साय ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सेंट्रल बैंक चौक के पास उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि महिला मौके पर ही गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय युवक राहुल सिंह, अंकित बंसल समेत अन्य लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल महिला को अपने निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया गया।

इस मामले में बीएमओ डॉ. योगेंद्र सिंह पैकरा ने आज बताया कि महिला का बायां पैर टूट गया है और कमर में भी गंभीर चोट आई है। स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया जा रहा है।

घटना के बाद एक बार फिर उदयपुर अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल में सरकारी एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में लोगों को निजी वाहनों का सहारा लेकर इलाज के लिए बाहर जाना पड़ रहा है, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह की दिक्कतें बढ़ रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह