बीजापुर में आकाशीय बिजली गिरने से नाै बकरियों की मौत
बीजापुर, 02 जुलाई (हि.स.)। जिले के गंगालूर तहसील क्षेत्र अंर्तगत चेरकंटी सरहद के कोटेर गांव में बुधवार देर रात आकाशीय बिजली गिरने से 9 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना पिछले 24 घंटे से हो रही रुक-रुक कर बारिश के बीच हुई। ग्रामीणों ने आज गुरुवार काे बताया कि देर रात तेज गर्जना और बारिश के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरी। इसकी चपेट में आने से सभी बकरियों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन और राजस्व विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकल कर रही है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि पीड़ित पशुपालक के नुकसान का मूल्यांकन कर मुआवजा प्रकरण तैयार किया जाएगा, जिसके बाद शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इलाके में लगातार हो रही बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं के मद्देनजर प्रशासन ने लोगों से अपील की है। खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और खेतों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने की सलाह दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

