home page

बीजापुर कलेक्टर ने आश्रम-छात्रावासों की समीक्षा बैठक में दिए महत्वपूर्ण निर्देश

 | 
बीजापुर कलेक्टर ने आश्रम-छात्रावासों की समीक्षा बैठक में दिए महत्वपूर्ण निर्देश


बीजापुर, 16 जून (हि.स.)। जिले के कलेक्टर विश्वदीप की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के आश्रम-छात्रावासों के सुचारू संचालन, विद्यार्थियों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं शैक्षणिक गुणवत्ता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जिला पंचायत, शिक्षा विभाग, आदिवासी विकास विभाग एवं विभिन्न विकासखंडों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राज्य शासन के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर विश्वदीप ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

समीक्षा के दौरान परीक्षा परिणामों में सुधार, छात्रावास भवनों के मरम्मत एवं निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने, शौचालय एवं स्नानागारों की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा रसोईघरों में स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को भोजन गुणवत्ता की नियमित जांच एवं भोजन चखना पंजी का संधारण करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में वर्षा ऋतु के मद्देनजर जलभराव एवं मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों की समीक्षा की गई। छात्रावास परिसरों में नालियों की सफाई, पानी जमा न होने देने तथा मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। साथ ही विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, प्राथमिक उपचार व्यवस्था एवं स्वास्थ्य विभाग से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी छात्र-छात्राओं के आवश्यक दस्तावेज जैसे आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड समय-सीमा में तैयार कराने पर भी जोर दिया, ताकि वे शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त कर सकें। बैठक में सभी अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे