home page

बीजापुर में 50 युवाओं ने रक्तदान कर सेवा संकल्प अभियान का किया शुभारंभ

 | 
बीजापुर में 50 युवाओं ने रक्तदान कर सेवा संकल्प अभियान का किया शुभारंभ


बीजापुर, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न सेवा एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बीजापुर में अभियान की शुरुआत जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान कार्यक्रम के साथ हुई। पूर्व मंत्री महेश गागड़ा के नेतृत्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा के करीब 50 युवाओं ने रक्तदान कर सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया।

पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और सेवा काल के पूर्ण होने तथा उनके जन्मदिवस के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी का 25 वर्षों का सफर देश की जनता के लिए समर्पित रहा है, जो भारतीय जनता पार्टी के लिए गर्व की बात है।

गागड़ा ने कहा कि जिस तरह भारत आज विश्व पटल पर अपनी पहचान बना रहा है, यह देशवासियों के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बीजापुर की जनता से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में अपने-अपने घरों में दीपक जलाएं। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीनिवास मुदलियार, भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग, भाजयुमाें अध्यक्ष हरिहर साहनी, बीलाल खान सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे