home page

सूरजपुर : ‘अभियान नवजीवन’ के तहत भटगांव में नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम, बच्चों ने दिया संदेश

 | 
सूरजपुर : ‘अभियान नवजीवन’ के तहत भटगांव में नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम, बच्चों ने दिया संदेश


सूरजपुर, 22 जून (हि.स.)। युवाओं को नशे से दूर रखने और इसके दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘अभियान नवजीवन’ के तहत थाना भटगांव पुलिस द्वारा सोमवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्थानीय एडी जुबली स्कूल में आयोजित हुआ, जिसमें पुलिस और विद्यार्थियों के बीच संवाद के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी भटगांव ब्रजेश सिन्हा ने छात्रों को सरल भाषा में नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और आर्थिक जीवन को प्रभावित करता है तथा इसके कारण शिक्षा, करियर, पारिवारिक संबंध और सामाजिक जीवन पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज में भी इसके खिलाफ जागरूकता फैलाएं।

थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर लोग मानस पोर्टल, टोल-फ्री नंबर 1933, पुलिस कंट्रोल रूम या संबंधित थाना से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगोली, पोस्टर और निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से नशे के खिलाफ मजबूत संदेश दिया। छात्रों ने नशे से दूरी बनाए रखने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। पोस्टर मेकिंग में दुर्गा राजवाड़े ने प्रथम, अंश ने द्वितीय और माही सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में ऋतु राजवाड़े प्रथम, नंदिनी तिवारी द्वितीय और श्रेया मिश्रा तृतीय रहीं, जबकि निबंध प्रतियोगिता में अंश को प्रथम स्थान मिला। विजेताओं को थाना प्रभारी द्वारा मेमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष परमेश्वरी राजवाड़े, पार्षद लक्ष्मी महतो, पुलिस अधिकारीगण, स्कूल के प्राचार्य लियोस सदोम, शिक्षकगण, पुलिस स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय