home page

भारत को जानो प्रतियोगिता 31 अगस्त को, कोरबा शाखा ने बनाया राष्ट्रीय कीर्तिमान

 | 
भारत को जानो प्रतियोगिता 31 अगस्त को, कोरबा शाखा ने बनाया राष्ट्रीय कीर्तिमान


कोरबा, 28 अगस्त (हि. स.)। भारत विकास परिषद, दिल्ली मुख्यालय के तत्वावधान में ‘भारत को जानो’ अखिल भारतीय लिखित परीक्षा का आयोजन 31 अगस्त को किया जाएगा। पहली बार देशभर में यह परीक्षा एक साथ आयोजित होने जा रही है। कोरबा शाखा ने इस वर्ष प्रतियोगिता के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी करते हुए राष्ट्रीयस्तर पर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय मुख्यालय के निर्देशानुसार परीक्षा 31 अगस्त को सुबह 11 बजे शुरू होगी। परीक्षार्थियों को 45 मिनट में 50 वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। परीक्षा के आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

इस वर्ष कोरबा शाखा ने राष्ट्रीय गतिविधि सदस्य (संस्कार) धर्मेंद्र कुमार कुदेसिया के कुशल नेतृत्व में व्यापक अभियान चलाया। क्षेत्रीय संयोजक सेवा महेश गुप्ता एवं कोरबा शाखा संस्कार संयोजक विष्णु शंकर मिश्रा के अथक प्रयासों से जिले के 200 से अधिक विद्यालयों में संपर्क किया गया। इनमें से लगभग सभी विद्यालयों के विद्यार्थी प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं।

‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता परिषद द्वारा प्रकाशित ‘भारत को जानो’ पुस्तक पर आधारित होती है। विद्यार्थियों को प्रतियोगिता की तैयारी कराने के उद्देश्य से इस वर्ष कोरबा शाखा द्वारा लगभग 2,500 पुस्तकें वितरित की गई हैं।

प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत के गौरवशाली इतिहास, महान व्यक्तित्वों, धर्म, संस्कृति एवं देश की समृद्ध विरासत से परिचित कराना है। इसके माध्यम से बच्चों में देश के प्रति गौरव, संस्कार और राष्ट्रीय चेतना की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाता है।

कोरबा शाखा अध्यक्ष कमलेश यादव ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सभी पदाधिकारियों, विद्यालयों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी