home page

रामसर साइट के रूप में विकसित होगा भखारा का आमा तालाब

 | 
रामसर साइट के रूप में विकसित होगा भखारा का आमा तालाब


रामसर साइट के रूप में विकसित होगा भखारा का आमा तालाब


रामसर साइट के रूप में विकसित होगा भखारा का आमा तालाब


विशेषज्ञों की टीम ने किया निरीक्षण

धमतरी, 28 नवंबर (हि.स.)। भखारा स्थित आमा तालाब को रामसर साइट के रूप में विकसित और नामांकित करने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। विधायक अजय चंद्राकर और कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की पहल पर भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण (बीएसआई), प्रयागराज तथा छत्तीसगढ़ वेटलैंड प्राधिकरण के विशेषज्ञों की टीम ने शनिवार काे तालाब का निरीक्षण कर इसकी पर्यावरणीय और जैविक संभावनाओं का आकलन किया।

निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने आमा तालाब की प्राकृतिक संरचना, जैव विविधता, जलीय पारिस्थितिकी, प्रवासी पक्षियों के आगमन और उनके अनुकूल पर्यावास की संभावनाओं का बारीकी से अध्ययन किया। इस निरीक्षण के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद संरक्षण एवं विकास संबंधी प्रस्ताव राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। आमा तालाब को रामसर साइट के रूप में विकसित करने का उद्देश्य इसे केवल जलस्रोत तक सीमित न रखते हुए जैव विविधता संरक्षण और प्रवासी पक्षियों के महत्वपूर्ण आश्रय स्थल के रूप में पहचान दिलाना है। इसमें सफलता मिलने पर तालाब को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी और क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटन विकास की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ का कोपरा जलाशय प्रदेश का पहला रामसर स्थल घोषित हो चुका है। प्रदेश में आर्द्रभूमियों के संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए 500 से अधिक वेटलैंड मित्र तैयार किए गए हैं। वहीं 2.25 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल वाले 11,098 वेटलैंड का ग्राउंड ट्रुथिंग एवं सीमा निर्धारण कर छत्तीसगढ़ ने इस कार्य में देश में अग्रणी स्थान हासिल किया है। प्रदेश सरकार ने छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश की 20 आर्द्रभूमियों को रामसर स्थल के रूप में नामांकित कराने का लक्ष्य रखा है। कोपरा जलाशय के बाद छिंदारी, पैलीमेटा और नीमगांव जलाशय सहित अन्य संभावित स्थलों को भी विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक प्रतिनिधि हरख जैन ने कहा कि आमा तालाब का संरक्षण और इसे रामसर साइट के रूप में विकसित करने की पहल क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।

विधायक अजय चंद्राकर के मार्गदर्शन में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरिकृष्ण पवारिया ने कहा कि तालाब की प्राकृतिक एवं पर्यावरणीय महत्ता को देखते हुए इसका संरक्षण जरूरी है। विशेषज्ञों का निरीक्षण इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नगर पंचायत की ओर से तालाब की स्वच्छता, संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल विकास के लिए आवश्यक सहयोग दिया जाएगा। निरीक्षण दल में भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण, प्रयागराज की डॉ. विनय रंजन के नेतृत्व में बी. लक्ष्मणुडु तथा छत्तीसगढ़ वेटलैंड प्राधिकरण की अनीता हरमुख सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा