कुकरेल में बेटी पंचायत का आयोजन, बालिकाओं को मिला मंच
धमतरी, 27 मार्च (हि.स.)।महिला एवं बाल विकास विभाग धमतरी द्वारा ग्राम पंचायत कुकरेल में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बेटी पंचायत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ उनके संवाद कौशल को विकसित करना रहा।
इस अवसर पर बेटियों ने समूह बनाकर पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।बालिकाओं ने बढ़ती उम्र में आने वाली समस्याओं, उनके समाधान तथा सपनों को पूरा करने में आने वाली चुनौतियों पर अपने विचार साझा किए। यदि आप पालक होते तो अपनी बेटियों के भविष्य के लिए क्या करते जैसे विषयों पर प्रतिभागियों ने लिखित एवं मौखिक रूप से अपने विचार सभी के सामने रखे। इसके साथ ही परिवार, ग्राम और समाज स्तर पर अभिभावकों, ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से किस प्रकार के सहयोग की अपेक्षा है इस पर भी चर्चा हुई।
इस कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को खुलकर अपनी बात रखने और समस्याओं के समाधान पर विचार व्यक्त करने का अवसर मिला। इस कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी जगरानी एक्का, बाल संरक्षण अधिकारी, सुपरवाइजर, जिला मिशन समन्वयक, केस वर्कर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका, ग्राम सरपंच सहित बड़ी संख्या में बालिकाएं उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

