home page

कृषक उन्नति योजना से प्रोत्साहित होकर किसान इंदर पटेल ने धान के बदले दो एकड़ में लगाई मूंगफली

 | 
कृषक उन्नति योजना से प्रोत्साहित होकर किसान इंदर पटेल ने धान के बदले दो एकड़ में लगाई मूंगफली


रायगढ़, 17 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन की कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को धान के स्थान पर अन्य फसलें लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी कड़ी में रायगढ़ जिले के ग्राम कछार निवासी किसान इंधर पटेल ने धान के बदले दो एकड़ भूमि में मूंगफली की खेती की है। योजना के तहत पात्रता अनुसार उन्हें आदान सहायता का लाभ मिलेगा।

किसान इंदर पटेल के पास लगभग 10 से 12 एकड़ कृषि भूमि है। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग द्वारा उन्हें मूंगफली के बीज निशुल्क उपलब्ध कराए गए हैं। धान की तुलना में मूंगफली की खेती में लागत कम आने, दवाइयों का कम उपयोग होने तथा श्रम की आवश्यकता कम होने के कारण उन्होंने इस फसल को अपनाया है।

किसान इंदर पटेल ने बताया कि धान की खेती में प्रति एकड़ लगभग 30 से 35 हजार रुपये तक खर्च हो जाता है, जबकि मूंगफली की खेती में अपेक्षाकृत कम लागत आती है। उनके अनुसार, मूंगफली की खेती से बेहतर आर्थिक लाभ मिलने की संभावना है। उन्होंने धान के स्थान पर वैकल्पिक फसल अपनाने के लिए शासन की योजना को उपयोगी बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

पात्र किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपये की आदान सहायता

कृषक उन्नति योजना के तहत धान के स्थान पर अन्य खरीफ फसलें अपनाने वाले पात्र किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी तथा कपास की खेती करने वाले पात्र किसानों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार प्रति एकड़ 15 हजार रुपये की आदान सहायता दिए जाने का प्रावधान है। धान के बदले मूंगफली की खेती अपनाकर किसान इंधर पटेल ने फसल विविधीकरण की दिशा में कदम बढ़ाया है। शासन की इस पहल का उद्देश्य किसानों को वैकल्पिक फसलों की ओर प्रोत्साहित करना, खेती में विविधता लाना तथा उनकी आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान