देवपहरी के जंगल में भालू का हमला, दो महिलाएं घायल, इलाज जारी
कोरबा, 12 अगस्त (हि. स.)। कोरबा जिले के वनांचल ग्राम डीडासरई-देवपहरी के जंगल में बुधवार को भालू के हमले से दो महिलाएं घायल हो गईं। दोनों महिलाएं खेत में काम करने के बाद वापस लौट रही थीं, इसी दौरान जंगल के रास्ते में उनका सामना भालू से हो गया। अचानक हुए हमले में मूल्यारो बाई (50) और समारी बाई (14) घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, भालू ने दोनों पर हमला कर दिया, जिससे उनके शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोटें आई हैं। इनमें कुछ जख्म गहरे हैं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जानकारी जुटाई। रेंजर द्वारा दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए लेमरू अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए दोनों को बेहतर उपचार के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा रेफर किया गया।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दोनों का उपचार जारी है। उपचार के बाद दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, वन विभाग की ओर से घायलों के उपचार के लिए तत्कालिक सहायता राशि भी उपलब्ध कराई गई है।
घटना के बाद से डीडासरई-देवपहरी सहित जंगल से लगे क्षेत्रों के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि वन क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है, ऐसे में खेतों और जंगल से होकर आने-जाने वाले लोगों को लगातार खतरा बना रहता है। वन विभाग ने भी ग्रामीणों को जंगल में अकेले नहीं जाने और आवाजाही के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

