तीन दिन बाद बस्तर में फिर शुरू हुई बारिश, आने वाले दिनों में अच्छी बारिश के आसार
जगदलपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। बस्तर संभाग में लगातार तीन दिनाें तक बारिश नही हाेने के बाद आज गुरूवार सुबह से पुन: बारिश शुरू हाे गई है। जून में औसत से 14 प्रतिशत कम हुई बारिश का कोटा जुलाई के 5 पांच दिन में ही पूरा हो चुका था। अब तक बतर संभाग में केवल 35 से 40प्रतिशत क्षेत्र में ही धान की बोआई हो सकी है।
मौसम विभाग के अनुसार बस्तर के ईलाके में फिर बारिश शुरू होने की संभावना का असर आज सुबह से दिखने लगा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस समय उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चिन्हित निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 9.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके साथ ही, एक मौसमी द्रोणिका उत्तर-पश्चिम राजस्थान से लेकर उत्तर-पूर्व बांग्लादेश तक जा रही है, जो झारखंड और पश्चिम बंगाल से होकर गुजरती है। एक अन्य द्रोणिका अरब सागर से सिक्किम तक फैली हुई है। इन तीनों सक्रिय प्रणालियों के असर से छत्तीसगढ़ में बड़े पैमाने पर नमी आ रही है, जिससे आने वाले दिनों में अच्छी बारिश की संभावना ।
मिली जानकारी के अनुसार बस्तर संभाग में इस खरीफ सीजन के लिए लगभग 6.31 लाख हेक्टेयर में खेती का लक्ष्य तय किया गया है। इसमें सबसे बड़ा रकबा 5.70 लाख हेक्टेयर धान के लिए प्रस्तावित है, जबकि मक्का, कोदो-कुटकी एवं रागी, दलहन और तिलहन फसलों का भी रकबा बढ़ाने की योजना बनाई गई है। कृषि विभाग के अनुसार अभी तक संभाग में केवल 35 से 40 प्रतिशत क्षेत्र में ही बोआई हो सकी है।
मौसम वैज्ञानिक एचपी. चंद्रा के अनुसार मानसून ट्रफ अपने सामान्य स्थान से उत्तर की ओर खिसक गई है। साथ ही बंगाल की खाड़ी में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ जाने से विगत दिनाे बारिश नही हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि बंगाल की खाड़ी में नई मौसमी प्रणाली बनने पर बारिश फिर तेज हो सकती है। इसके बाद अधिकांश जिलों में मध्यम से अच्छी वर्षा होने की संभावना है। आज गुरुवार को प्रदेश की राजधानी सहित कुल 14 जिलों में बारिश की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

