भाजपा सरकार ने विश्व आदिवासी दिवस पर नहीं दी बधाई - देवचंद मतलाम
जगदलपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा पीसीसी के निर्देश पर कांग्रेस के ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला की अध्यक्षता में कोंडागांव के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मतलाम ने आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि आदिवासी विरोधी भाजपा सरकार ने विश्व आदिवासी दिवस पर बधाई भी नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि आदिवासी मुख्यमंत्री अपने समाज तक का उत्सव नहीं मना पा रहे हैं। 9 अगस्त को पूरी दुनियां के आदिवासियों ने विश्व आदिवासी दिवस मनाया लेकिन भाजपा के किसी भी आदिवासी नेता यहां तक की राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री का भी आदिवासियों के लिए एक बधाई संदेश नहीं आया। वह आदिवासियों को वनवासी बनाने पर तुली है। इसीलिए वह आदिवासी दिवस का विरोध करती है। आरएसएस आदिवासी संस्कृति को स्वतंत्र सभ्यता मानने का विरोध करती है। वह आदिवासियों को आज भी पिछलग्गू बना कर रखना चाहती है।
देवचंद मतलाम ने कहा कि भाजपा सरकार के द्वारा विश्व आदिवासी दिवस को शासकीय स्तर पर नहीं मनाया गया। जिस प्रदेश की 32 प्रतिशत आबादी आदिवासियों की हो, जहां पर दुनिया की सबसे प्राचीन आदिवासी सभ्यता निवास करती हो वहां की सरकार आदिवासी दिवस मनाने से परहेज कर रही है । यह आदिवासी समाज का अपमान है। विश्व आदिवासी दिवस का आयोजन आदिवासी सभ्यता और संस्कृति पर गौरव का दिन है। आदिवासी संस्कृति दुनिया की सबसे प्राचीन और मौलिक संस्कृति है। भाजपा आदिवासियों को सिर्फ वोट बैंक की तरह देखती है और इसीलिए उसने कहने को तो एक आदिवासी को मुख्यमंत्री बना दिया है, पर उन्हें अपने आदिवासी भाई बहनों के साथ उत्सव मनाने से भी रोक रही है।
इस दाैरान पूर्व विधायक रेखचंद जैन,पूर्व सभापति कविता साहू,नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी,जिला उपाध्यक्ष बालेश दुबे,महामंत्री अभिषेक नायडू,सुभाष गुलाटी, नीतीश शर्मा,रविशंकर तिवारी, संजय पाणिग्रही,ब्लॉक अध्यक्ष सूर्यापानी,गणेश बघेल,धरमुराम कश्यप,सूरज कश्यप, छबिलाल,नारायण बघेल,बुधराम कश्यप,मोतीराम कश्यप, मीडिया प्रभारी शादाब अहमद,पार्षद रामकृष्ण तिवारी,उस्मान रजा आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

