home page

बस्तर कलेक्टर-कमिश्नर ने डोंगाघाट पहुंचकर राजस्व कैंप कार्यालय की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 | 
बस्तर कलेक्टर-कमिश्नर ने डोंगाघाट पहुंचकर राजस्व कैंप कार्यालय की व्यवस्थाओं का लिया जायजा


जगदलपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र डोंगाघाट में पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन में स्थापित किए गए राजस्व कैंप कार्यालय की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का जायजा लेने कमिश्नर डोमन सिंह, कलेक्टर के साथ मौके पर पहुंचे।

उल्लेखनीय है कि बाढ़ पीड़ितों को राहत राशि एवं आवश्यक औपचारिकताओं के लिए तहसील कार्यालय के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए कमिश्नर द्वारा मौके पर ही राजस्व विभाग का विशेष कैंप कार्यालय शुरू करने का निर्देश दिया गया था। इसी निर्देश के तहत शुरू हुए कैंप कार्यालय में पहुंचकर उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा कार्यप्रणाली में पाई गई कमियों को दुरुस्त करने की हिदायत दी। इस कैंप में बाढ़ प्रभावित नागरिक अपने बैंक पासबुक, पहचान संबंधी दस्तावेज जमा कर कागजी औपचारिकताएं सुगमता से पूरी कर रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अमले ने व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुबह 09 बजे से लेकर रात 09 बजे तक विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ितों को निरंतर सहायता मिलती रहे। इसके साथ ही कमिश्नर ने क्षेत्र में पूर्णतः क्षतिग्रस्त मकानों का स्वयं मुआयना किया और स्थानीय निवासियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं। नागरिकों द्वारा विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था को लेकर उठाई गई मांगों पर तुरंत संज्ञान लेते हुए उन्होंने निगम कमिश्नर को बंद पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराने और विद्युत विभाग को बिजली आपूर्ति संबंधी सभी खामियों को प्राथमिकता से दूर करने के कड़े निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के काम में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा, सहायक कलेक्टर यशवंत नायक, अनुविभागीय दंडाधिकारी मनीष वर्मा उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे