बस्तर को पहली बार सीटीईटी परीक्षा के 25 केंद्र आबंटित
जगदलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आगामी 12 और 13 दिसंबर 2026 को आयोजित किए जा रहे, केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) के 22 वें संस्करण में पहली बार बस्तर (जगदलपुर) को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी केंद्रों की सूची के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के 05 चयनित जिलों—रायपुर (74), दुर्ग-भिलाई (37), बिलासपुर (31), बस्तर (25) और कोरबा (19)—में कुल 186 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिसमें बस्तर को 25 परीक्षा केंद्र आबंटित किए गए हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले छत्तीसगढ़ में इस परीक्षा का आयोजन केवल रायपुर, दुर्ग (भिलाई), बिलासपुर और कोरबा जैसे चार प्रमुख शहरों तक ही सीमित था, जिसके कारण बस्तर संभाग के दूरस्थ अंचलों के अभ्यर्थियों को परीक्षा देने के लिए रायपुर या अन्य बड़े शहरों की लंबी और खर्चीली यात्रा करनी पड़ती थी। अब जगदलपुर में ही परीक्षा केंद्र बन जाने से युवाओं को इस परेशानी से बड़ी मुक्ति मिलेगी। बस्तर में 25 केंद्र खुलने से स्थानीय युवाओं का समय और धन दोनों बचेगा, जिससे क्षेत्र के अभ्यर्थियों के लिए इस राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में शामिल होना कहीं अधिक सुलभ हो जाएगा।
सीटीईटी के दो दिनों तक चलने वाली यह परीक्षा ऑफलाइन (पेन और पेपर) मोड में दो पालियों में संपन्न होगी, जिसमें प्रथम पाली (सुबह 09:30 से दोपहर 12 बजे तक) में कक्षा 06 से 08 के लिए पेपर-II और द्वितीय पाली (दोपहर 02:30 से शाम 05 बजे तक) में कक्षा 1 से 5 के लिए पेपर-I आयोजित किया जाएगा। बस्तर के 25 केंद्रों पर 12 दिसंबर को प्रथम पाली में 6,120 और द्वितीय पाली में 3,625 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जबकि 13 दिसंबर को प्रथम पाली में 6,120 तथा द्वितीय पाली में 6,097 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के सुव्यवस्थित और सुरक्षित संचालन के लिए भारत सरकार के शिक्षा और गृह मंत्रालय के निर्देशों पर कलेक्टर आकाश छिकारा के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। इसके तहत प्रश्न पत्रों के परिवहन से लेकर ओएमआर शीट जमा कराने तक पुलिस बल का अनिवार्य एस्कॉर्ट रहेगा और प्रत्येक केंद्र पर एक उप-निरीक्षक व चार पुलिस कर्मियों के साथ-साथ हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर से लैस 08 से 10 प्रशिक्षित महिला एवं पुरुष सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। किसी भी आपात स्थिति के लिए क्विक रिएक्शन टीमें सक्रिय रहेंगी, वहीं आवागमन प्रतिबंध की स्थिति में अभ्यर्थियों का प्रवेश पत्र ही मूवमेंट पास के रूप में मान्य होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

