home page

बस्तर संभाग में 419 नए मोबाइल टॉवर मार्च 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य - शरद चंद्र तिवारी

 | 
बस्तर संभाग में 419 नए मोबाइल टॉवर मार्च 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य - शरद चंद्र तिवारी


जगदलपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। बस्तर के अंदरूनी और दूरदराज इलाकों में मोबाइल और इंटरनेट कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में बीएसएनएल ने नेटवर्क विस्तार की बड़ी योजना की जानकारी दी है। बस्तर संभाग में 419 नए मोबाइल टॉवर लगाए जा रहे हैं, जिन्हें मार्च 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ बीएसएनएल ने ऑफर, एफटीटीएचसेवा और दूरदराज क्षेत्रों के लिए सैटेलाइट फोन सुविधा की भी जानकारी दी है।

दूरसंचार विभाग के बस्तर के प्रधान महाप्रबंधक शरद चंद्र तिवारी ने आज शुक्रवार काे प्रेस वार्ता में बताया कि बस्तर संभाग में फिलहाल बीएसएनएल के करीब 660 मोबाइल टॉवर संचालित हैं। नेटवर्क विस्तार के लिए 419 नए टॉवरों पर काम चल रहा है, जिन्हें मार्च 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। नए टॉवर शुरू होने के बाद बस्तर के दूरस्थ और अंदरूनी इलाकों में मोबाइल नेटवर्क की पहुंच और कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। उन्हाेने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बीएसएनएल ने मोबाइल ग्राहकों के लिए फ्रीडम 2.0 ऑफर की जानकारी दी। बीएसएनएल के मुताबिक, इस ऑफर के तहत 1 रुपये में रिचार्ज की सुविधा दी जा रही है। इसमें प्रतिदिन 1 जीबी डेटा, 100 एसएमएस और अनलिमिटेड वॉइस कॉलिंग के साथ 24 दिनों की वैधता मिलने की बात कही गई है।

शरद चंद्र तिवारी ने बताया कि बीएसएनएल ने घरों के लिए 1,111 रुपये का एफटीटीएचसेवा प्लान भी पेश किया है। बीएसएनएल के मुताबिक, इस प्लान में 200 एमबीपीएस तक की इंटरनेट स्पीड, हर महीने 500 जीबी डेटाडेटा और 25 से अधिक प्रीमियम ओटीटी चैनलों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यह प्लान बस्तर में घरों तक तेज इंटरनेट कनेक्टिविटी पहुंचाने के उद्देश्य से पेश किया गया है।

उन्होंने बताया कि बीएसएनएल की ओर से किए जा रहे नेटवर्क विस्तार से बस्तर के दूरस्थ और अंदरूनी इलाकों में मोबाइल कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। 419 नए मोबाइल टॉवर मार्च 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इनके शुरू होने के बाद ऐसे क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की पहुंच बढ़ सकती है, जहां फिलहाल कनेक्टिविटी सीमित है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे