home page

ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य शिविर में 140 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी, चार पंचायत टीबी मुक्त घोषित

 | 
ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य शिविर में 140 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी, चार पंचायत टीबी मुक्त घोषित


जगदलपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के स्वस्थ भारत-समृद्ध भारत के अंतर्गत ग्राम पंचायत आड़ावाल में आज गुरूवार काे स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया।

कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में राष्ट्रीय सिकलसेल एनीमिया उन्मूलन मिशन और टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई गईं। शिविर के दौरान कुल 303 ओपीडी दर्ज की गईं, जिसमें जिला मेडिकल बोर्ड द्वारा परीक्षण के बाद 140 हितग्राहियों को दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसके साथ ही रक्तचाप, मधुमेह, नेत्र जांच, निःशुल्क चश्मा वितरण और सामान्य स्वास्थ्य परामर्श की सुविधाएं भी लोगों को प्रदान की गईं।

शिविर में सिकलसेल बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही पॉजिटिव मरीजों को यूनिवर्सल आईडी कार्ड प्रदान किए गए और उनके परिजनों की भी जांच की गई। इस दौरान उपस्थित जनसमुदाय को विवाह से पूर्व सिकलसेल जांच करवाने तथा 0 से 40 वर्ष तक के सभी व्यक्तियों की जांच सुनिश्चित करने हेतु प्रेरित किया गया, साथ ही शासकीय केंद्रों में उपलब्ध निःशुल्क जांच और हाइड्रॉक्सी यूरिया दवा के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे