home page

बांगो जल विद्युत संयंत्र में आपदा प्रबंधन मॉकड्रिल, सात मिनट में ट्रांसफार्मर यार्ड की आग पर पाया काबू

 | 
बांगो जल विद्युत संयंत्र में आपदा प्रबंधन मॉकड्रिल, सात मिनट में ट्रांसफार्मर यार्ड की आग पर पाया काबू


कोरबा, 08 अक्टूबर (हि. स.)। हसदेव बांगो जल विद्युत संयंत्र माचाडोली में गुरुवार को आपदा प्रबंधन एवं इमरजेंसी रिस्पांस के तहत मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान ट्रांसफार्मर यार्ड में भीषण आग लगने की आपात स्थिति का अभ्यास कराया गया।

मॉकड्रिल का उद्देश्य वास्तविक आपदा की स्थिति में त्वरित निर्णय, बेहतर समन्वय और प्रभावी कार्रवाई के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशिक्षित करना रहा।

इमरजेंसी सायरन बजते ही फायर एवं इमरजेंसी रिस्पांस टीम सक्रिय हुई और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। अग्निशमन कर्मचारियों ने करीब 7 मिनट में आग पर प्रभावी नियंत्रण पाने का अभ्यास किया। इस दौरान आग को दूसरे हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए तकनीकी और व्यावहारिक प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया गया।

मॉकड्रिल का आयोजन अधीक्षण अभियंता (संचालन एवं संधारण) राकेश चंद्र गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में प्रत्येक क्षण महत्वपूर्ण होता है। नियमित अभ्यास से कर्मचारियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वास्तविक आपदा के दौरान त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की क्षमता विकसित होती है।

मॉकड्रिल के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों को अग्निशमन उपकरणों के उपयोग, आग बुझाने की तकनीक, आपातकालीन प्रक्रियाओं और टीमवर्क का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। अग्निशमन अधिकारी जीपी पनरिया एवं उनकी टीम ने फायर फाइटिंग तकनीकों का प्रशिक्षण दिया।

इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता (संरक्षा) राजेश बंजारा, संरक्षा अधिकारी पीयूष सोमानी सहित संयंत्र के अधिकारी-कर्मचारी और सुरक्षा कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार /हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी