home page

चाइनीज पकोड़े-मोमोज के साथ परोसी जाने वाली मेयोनीज पर रोक

 | 
चाइनीज पकोड़े-मोमोज के साथ परोसी जाने वाली मेयोनीज पर रोक


धमतरी, 19 सितंबर (हि.स.)। बस्तर जिले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा गुणवत्ता जांच के लिए लिए गए वीबा ब्रांड की अंडारहित मेयोनीज के नमूने में प्रोपाइल गैलेट निर्धारित सीमा से अधिक मिला है। कैली लैब भोपाल की जांच रिपोर्ट में इसे असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद धमतरी जिले में भी इसी बैच की मेयोनीज के विक्रय, वितरण और भंडारण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। यह मेयोनीज चाइनीज पकोड़े, मोमोज सहित अन्य खाद्य पदार्थों के साथ चटनी या सास के रूप में उपयोग की जाती है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग धमतरी के अभिहित अधिकारी सर्वेश कुमार यादव ने शनिवार काे बताया कि बस्तर जिले के खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने वीबा ब्रांड की मेयोनीज का नमूना संकलित कर जांच के लिए भेजा था। प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित उत्पाद के संबंध में कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि सोमवार को धमतरी शहर के स्ट्रीट फूड स्टालों का निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान संबंधित बैच की मेयोनीज का उपयोग करते पाए जाने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मेयोनीज आजकल फास्ट फूड के साथ परोसी जाने वाली प्रमुख चटनी या सास में शामिल है।

शहर में मोमोज, चाइनीज पकोड़े, बर्गर, सैंडविच, रोल और फ्रेंच फ्राइज जैसे खाद्य पदार्थों के साथ इसकी मांग बढ़ी है। अंडारहित मेयोनीज में अंडे की जगह अन्य सामग्री का उपयोग किया जाता है। इसकी मलाईदार बनावट और स्वाद के कारण इसे फास्ट फूड के साथ पसंद किया जाता है। पैक्ड मेयोनीज को लंबे समय तक सुरक्षित रखने और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए खाद्य योजकों का भी उपयोग किया जाता है। मालूम हो कि प्रोपाइल गैलेट खाद्य पदार्थों में वसा और तेल के आक्सीकरण को रोकने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एंटीआक्सीडेंट है। खाद्य पदार्थों में इसके उपयोग की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप होना आवश्यक है। इस मामले में प्रयोगशाला जांच में तय सीमा से अधिक मात्रा पाए जाने के कारण संबंधित उत्पाद पर कार्रवाई की गई है।

दुकानदारों को अलग रखने के निर्देश

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिले के सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को संबंधित उत्पाद को अपने परिसर में अन्य खाद्य पदार्थों से अलग स्थान पर रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही खाद्य सुरक्षा और मानक विनियम 2017 के तहत इसे आपूर्तिकर्ता को वापस भेजने के लिए कहा गया है। कार्रवाई वाला उत्पाद वीबा ब्रांड की अंडारहित मेयोनीज है। इसका बैच नंबर के-182, निर्माण तिथि 18 अप्रैल 2026 और उपयोग की अंतिम तिथि 17 जनवरी 2027 है। इसका निर्माण वीआरबी कंज्यूमर प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड रीको इंडस्ट्रियल एरिया गुर्जर केशवाना कोटपूतली राजस्थान द्वारा किया गया है। खाद्य अनुज्ञप्ति संख्या 10018013001531 है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा