बलरामपुर में जिला पंचायत की 10 नई दुकानों की नीलामी 11 दिसंबर को, सात तक जमा करनी होगी अमानत राशि
बलरामपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। जिला पंचायत बलरामपुर-रामानुजगंज ने सेमली मोड़, ग्राम भनौरा में जिला पंचायत परिसर के बगल में निर्मित 10 नई दुकानों की नीलामी के लिए सूचना जारी की है। नीलामी 11 दिसंबर को दोपहर 12 बजे जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी।
प्रत्येक दुकान का आकार 3.90×4.20 वर्गमीटर निर्धारित किया गया है। एक दुकान के लिए ऑफसेट मूल्य 1 लाख 55 हजार 100 रुपये, मासिक किराया 2,200 रुपये और अमानत राशि 15 हजार 500 रुपये तय की गई है। दुकानों का आवंटन तीन वर्ष के लिए किराये पर किया जाएगा।
आरक्षण के तहत अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 6 दुकानें रखी गई हैं। इनमें एक दुकान दिव्यांगजन और एक महिला के लिए आरक्षित है। अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 2 और अनारक्षित वर्ग के लिए 2 दुकानें निर्धारित की गई हैं।
नीलामी में शामिल होने के इच्छुक व्यक्ति 7 दिसंबर तक कार्यालयीन समय में अमानत राशि जमा कर सकते हैं। यह राशि मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत के नाम से एफडीआर, बैंक ड्राफ्ट या टीडीआर के माध्यम से ही स्वीकार की जाएगी। नकद राशि जमा करने की अनुमति नहीं होगी। प्रत्येक दुकान के लिए अलग-अलग अमानत राशि जमा करनी होगी। नीलामी में 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति ही भाग ले सकेंगे।
आवंटित दुकानों में मांस, मछली और शराब की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

