home page

मतदाता सूची में नाम जोड़ने की कवायद तेज, राजपुर में बीएलओ की बैठक और कन्या महाविद्यालय में फॉर्म-6 भरने के निर्देश

 | 
मतदाता सूची में नाम जोड़ने की कवायद तेज, राजपुर में बीएलओ की बैठक और कन्या महाविद्यालय में फॉर्म-6 भरने के निर्देश


बलरामपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के लिए शनिवार को निर्वाचन अधिकारियों ने अलग-अलग स्थानों पर समीक्षा की।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार सिदार ने राजपुर तहसील का औचक निरीक्षण किया और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की बैठक लेकर निर्वाचन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

बैठक में सिदार ने मतदाता सूची से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरी सटीकता और गंभीरता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों के निर्वहन में आवश्यक सतर्कता बरतने पर जोर दिया।

वहीं, बलरामपुर अनुभाग के अंतर्गत डिप्टी कलेक्टर प्रज्ञा नायक ने शासकीय कन्या महाविद्यालय पहुंचकर पात्र छात्राओं के मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को छात्राओं से आवश्यक दस्तावेज लेकर फॉर्म-6 भरवाने और उन्हें ऑनलाइन जमा कराने के निर्देश दिए।

निर्वाचन अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि पात्र युवा मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने से वंचित न रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय