home page

घर की तलाशी में 100 नग साल चिरान जब्त, दो के खिलाफ वन अपराध दर्ज

 | 
घर की तलाशी में 100 नग साल चिरान जब्त, दो के खिलाफ वन अपराध दर्ज


बलरामपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। वन विभाग ने बलरामपुर वन परिक्षेत्र के मानिकपुर सर्किल अंतर्गत बसेराकला गांव में कार्रवाई करते हुए 100 नग साल चिरान जब्त किया है। जब्त लकड़ी की मात्रा 1.806 घनमीटर बताई गई है। मामले में विभाग ने दो लोगों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज कर भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1)(क) के तहत कार्रवाई शुरू की है।

वन विभाग के अनुसार, आज गुरुवार को बसेराकला निवासी धनी राम पिता मनोहर और रामधनी पिता मनोहर के घर की तलाशी के लिए सर्च वारंट जारी किया गया था। तलाशी कार्रवाई के दौरान मौके से साल चिरान बरामद किया गया, जिसे विभागीय टीम ने जब्त कर लिया।

कार्रवाई वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन और उपवनमंडलाधिकारी अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में की गई। प्रभारी वन परिक्षेत्राधिकारी निखिल सक्सेना के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने जब्ती की कार्रवाई पूरी की। विभाग द्वारा प्रकरण क्रमांक 22039/14 और 23694/10 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

विभाग ने बताया कि जब्त लकड़ी के संबंध में नियमानुसार वन अपराध की कार्रवाई जारी है। कार्रवाई के दौरान वनपाल अनिल कुजूर, प्रहलाद तिवारी, रामकुमार यादव, मथुरा दुबे, सुदायश्री एक्का सहित वनरक्षक और अन्य वन कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय