home page

बलरामपुर में खेतों तक पहुंचा राजस्व अमला, गिरदावरी और डिजिटल क्रॉप सर्वे का किया सत्यापन

 | 
बलरामपुर में खेतों तक पहुंचा राजस्व अमला, गिरदावरी और डिजिटल क्रॉप सर्वे का किया सत्यापन


बलरामपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में फसल गिरदावरी और डिजिटल क्रॉप सर्वे के कार्य में राजस्व अमला सक्रिय है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर रविवार को विभिन्न गांवों में खेतों तक पहुंचकर फसलों का सत्यापन किया गया। इस दौरान दर्ज अभिलेखों का वास्तविक स्थिति से मिलान किया गया, ताकि फसल संबंधी रिकॉर्ड में किसी तरह की त्रुटि न रहे।

इसी क्रम में शंकरगढ़ तहसील के नावाडीह, डीपाडीहखुर्द और कृष्णनगर (धमनी) में राजस्व अमले ने खेतों में पहुंचकर फसल गिरदावरी की। वहीं, वाड्रफनगर विकासखंड की रघुनाथनगर तहसील के बलंगी और गैना गांव में डिजिटल क्रॉप सर्वे का भौतिक सत्यापन किया गया।

सत्यापन के दौरान खेतों में बोई गई फसलों का मिलान अभिलेखों में दर्ज जानकारी से किया गया। फसल संबंधी सटीक रिकॉर्ड होने से किसानों को समर्थन मूल्य पर धान बेचने और शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी।

जिला प्रशासन की ओर से गिरदावरी और डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य निर्धारित समय-सीमा में त्रुटिरहित ढंग से पूरा कराने के लिए नियमित निगरानी की जा रही है। इसके लिए राजस्व अमले को मैदानी स्तर पर सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय